दाऊद के नज़दीकी फारूक देवड़ीवाला का पाक में कत्ल


अमृतसर, 15 जनवरी (सुरेन्द्र कोछड़) : भारत के वांछित अपराधियों की सूची में शामिल दाऊद इब्राहिम के नजदीकी फारूक देवड़ीवाला का पाकिस्तान में कत्ल किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। दावा किया जा रहा है कि फारूक अपने बोस (कर्ताधर्ता) दाऊद इब्राहिम का कत्ल करवाने की योजना करवा रहा था तथा इस बारे जानकारी मिलने पर छोटा शकील गैंग के इशारे पर उसका कत्ल किया गया है। वर्णनीय है कि पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले देवड़ीवाला पर विभिन्न आतंकवादी संगठनों के लिए आतंकवादियों की भर्ती करने तथा पाक सहित अन्य देशों में रह रहे भारत के वांछित अपराधियों के फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने की जिम्मेवारी थी। यह भी जानकारी मिली है कि भाजपा नेता हरेन पंडया के कत्ल के आरोप में उसको दुबई में गिरफ्तार किया गया था, परंतु उसे भारत के हवाले करने की बजाय दुबई सरकार ने पाकिस्तान को सौंप दिया। पाकिस्तान को डर था कि वह भारत वापस जाकर पाक की आतंकवादियों को समर्थन देने की कार्रवाइयों का खुलासा न कर दें इसलिए फर्जी दस्तावेज तैयार करके उसको पाकिस्तानी नागरिक बताकर पाक सरकार ने उसको हिरासत में ले लिया था। भारत की उस पर नज़र थी तथा उसकी वापसी की कोशिशें की जा रही थी। यह भी दावा किया जा रहा है कि दाऊद के नजदीकी शकील को उसके सूत्रों से जानकारी मिली थी कि देवड़ीवाला ने दुबई में भारतीय अधिकारियों के साथ गुप्त मुलाकात की थी जिससे यह क्यास लगाए जाने लगे कि वह दाऊद को कत्ल करवाने की योजना बना रहा है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान द्वारा अभी आधिकारिक तौर पर फारूक के कत्ल की पुष्टि नहीं की गई है।