जालंधर के पूर्व मेयर सुरेश सहगल ने अदालत में किया आत्मसमर्पण

जालंधर,16 जनवरी - (चिराग शर्मा)- जालंधर के बहुचर्चित पूर्व मेयर सुरेश सहगल ने आज अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। गैर -कानूनी निर्माण रुकवाने गए बिलडिंग इंस्पेक्टर के साथ मारपीट करने की घटना को ढाई महीने से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद सहगल को ऐसा करने पर मजबूर होना पड़ा है। निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक उनकी आगामी जमानत संबंधित सभी रास्ते बंद हो गए और सुप्रीम कोर्ट की गाइडेंस के बाद उनको आत्मसमर्पण करना पड़ा। अदालत में जाने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहगल ने कहा कि उनको अपने किये पर कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक महिला की मदद की और जो कुछ उन्होंने किया है, वह सही किया है। इसके साथ ही सहगल ने यह भी कहा कि उनकी जमानत पर जो भी फैसला आयेगा, वह उनको स्वीकार होगा।