यूएस राष्ट्रपति ट्रम्प ने दिया इस्तीफा !

वॉशिंगटन, 17 जनवरी (इंट) : दुनियाभर में बुधवार को लोग उस समय जश्न मनाने लगे, जब यह खबर आई कि डोनाल्ड ट्रम्प ने अमरीकी राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया है। यह खबर अमरीकी न्यूज पेपर वॉशिंगटन पोस्ट में छपी। हालांकि न्यूज पेपर वॉशिंगटन पोस्ट का यह फर्जी संस्करण था। दुनियाभर में बुधवार को अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इस्तीफे की फर्जी खबर फैल गई। इसको लेकर अमरीका सहित दुनियाभर में ट्रम्प विरोधी लोग जश्न मनाने लगे। दरअसल, बुधवार को अमरीका में ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ न्यूज पेपर के फर्जी संस्करण का व्हाइट हाऊस के आसपास और वॉशिंगटन के व्यस्त इलाके में खुलेआम वितरण हुआ। इसमें दावा किया गया कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस्तीफा दे दिया है। मूल न्यूज पेपर के संस्करण की तरह इसे पेश किया गया। इसमें 6 कॉलम में बड़ा शीर्षक दिया गया। इस लीड न्यूज में 4 कॉलम में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर लगी हुई थी, जिसमें वह सिर नीचे झुकाए परेशान नज़र आ रहे हैं। न्यूज पेपर में 1 मई, 2019 की तारीख भी दर्ज थी।