पीएनबी घोटाला : भगौड़े मेहुल चोकसी ने भारतीय नागरिकता छोड़ी

मुंबई, 21 जनवरी (एजैंसी): भारत में अपने खिलाफ चल रही जांच को और पेचीदा बनाते हुए 13,500 करोड़ रुपये के पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक भगौड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने वैस्टइंडीज के एंटीगुआ एवं बरबूडा द्वीप की नागरिकता पाने के लिए भारतीय नागरिकता छोड़ दी है। चोकसी को पिछले वर्ष यहां की नई नागरिकता मिली थी और उसने अपने रद्द भारतीय पासपोर्ट संख्या जेड3396732 को गुयाना स्थित भारतीय उच्चायोग में जमा करवा दिया है और अन्य औपचारिकताओं के लिए 177 डॉलर का शुल्क चुकाया है। मुंबई में चोकसी के वकील से जब सम्पर्क किया गया तो उन्होंने टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया और कहा कि अब वह उनके (चोकसी के) संपर्क में नहीं हैं। चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी पर पीएनबी की ब्रेडी हाऊस शाखा के जरिए कुछ बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से अपनी समूह की कंपनियों के लिए फर्जी लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग (एलओयू) जारी कर 13,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला करने का आरोप है।