अकबर मानहानि मामला- पत्रकार रमानी को समन करने पर फैसला सुरक्षित


नई दिल्ली, 22 जनवरी(वार्ता) : दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर के मानहानि मामले में पत्रकार प्रिया रमानी को समन किए जाने पर फैसला 29 जनवरी के लिए सुरक्षित रखा है। पत्रकार रमानी ने अकबर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये थे। इसके बाद अकबर ने सुश्री रमानी पर मानहानि का मामला दर्ज किया था। अकबर ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये जाने के बाद पिछले साल 17 अक्तूबर को विदेश राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट समर विशाल ने इस मामले में अकबर के अधिवक्ता गीता लूथरा की जिरह के बाद फैसले को सुरक्षित रख लिया। सुश्री रमानी ने श्री अकबर पर 20 साल पहले उनके साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। हालांकि श्री अकबर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। 11 जनवरी को इस मामले में तीन और गवाहों ने अपने बयान अदालत में दर्ज कराये थे। श्री अकबर सहित कुल सात लोगों ने इस मामले में बयान दर्ज कराये हैं।