सिंधु, साइना और श्रीकांत इंडोनेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

जकार्ता, 24 जनवरी (भाषा) : भारत की पीवी सिंधू, साइना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत की तिकड़ी ने यहां गुरूवार को अपने प्रतिद्वंद्वियों को सीधे गेम में पस्त करके इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। दूसरी वरीय सिंधू ने स्थानीय खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का टी पर सीधे गेम में 37 मिनट में 23-21, 21-7 से जीत दर्ज की। हराकर इंडोनेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई जबकि किदाम्बी श्रीकांत ने भी अंतिम आठ में जगह बनाई। हैदराबाद की इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों, विश्व चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों में रजत पदक के अलावा पिछले साल विश्व टूर फाइनल खिताब अपने नाम किया था। और अब उसके स्पेन की कैरोलिना मारिन से भिड़ने की उम्मीद है। लंदन खेलों की कांस्य पदकधारी साइना ने भी इंडोनेशिया की फितरियानी फितरियानी पर 21-17, 21-15 की जीत से अंतिम आठ में जगह बनायी। साइना की यह फितरियानी पर पांचवीं जीत है। आठवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता केंटा निशिमोतो को 21-14, 21-9 से मात दी। पिछले सप्ताह मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे श्रीकांत का सामना इंडोनेशिया के एशियाई खेल चैम्पियन जोनाथन क्रिस्टी या चीन के आल इंग्लैंड चैम्पियन शि यूकी से होगा।