भारत ने इंडोनेशिया को 2-0 से हराया

नई दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) : भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए बुधवार को मेजबान इंडोनेशिया को 2-0 से हरा दिया। भारत की इंडोनेशिया पर यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारत ने रविवार को खेले गए मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से मात दी थी।  भारत की तरफ से पहले हॉफ में संजू ने 20वें मिनट में गोल कर भारत को मैच में बढ़त दिलवाई। इसके बाद मैच के इंजरी समय के दूसरे मिनट में डांगमेई ग्रेस के गोल ने भारत को मेजबान पर 2-0 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रत्नबाला से मिले पास पर संजू ने बेहतरीन शॉट लगाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया और भारत को मैच में शुरुआती बढ़त दिलाई। संजू के इस गोल के बाद भी भारत ने अपनी कोशिशें जारी रखी।  मेजबान टीम ने भी स्कोर बराबर करने की बखूबी कोशिश लेकिन उसकी तरफ से लगाया गया हैडर गोल पोस्ट से टकरा कर बाहर चला गया और इंडोनेशिया की यह कोशिश नाकाम साबित हुई।