‘आप’ ने की पंजाब विधानसभा के बजट सत्र का सीधा प्रसारण किये जाने की मांग 

 चंडीगढ़, 8 फरवरी (भाषा/ अजायब सिंह औजला): आम आदमी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष से मुलाकात की और उनसे आगामी बजट सत्र की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किये जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल चीमा और विधायक अमन अरोड़ा ने किया। पंजाब विधानसभा का बजट सत्र यहां 12 फरवरी से शुरू हो रहा है। ‘आप’ नेताओं ने कहा कि संसद के दोनों सदनों और कई अन्य राज्यों की विधानसभा की तरह ही राज्य विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किये जाने की अनुमति दी जाए। पंजाब विधानसभा का बजट सत्र 12 फरवरी से शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सदन में निर्वाचित प्रतिनिधियों के काम-काज में सुधार होगा। अरोड़ा से जब बजट सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि किसानों, उद्योग सहित बेरोजगारी से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पिछले दो वर्षों से सत्ता में है लेकिन सभी मोर्चों पर विफल रही है।