भूमि विवाद में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, 2 घायल

बेगूसराय, 11 फरवरी (वार्ता) : बिहार में बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के जोकिया गांव में भूमि विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई तथा दो अन्य घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जोकिया गांव निवासी सीताराम महतो (42) और उसके पड़ोसी प्रवीण महतो के बीच भूमि के एक हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। कल रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद प्रवीण महतो अपने समर्थकों के साथ सीताराम महतो के घर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में सीताराम महतो सहित तीन लोग घायल हो गये। घटना को अंजाम देने के बाद प्रवीण महतो अपने समर्थकों के साथ फरार हो गया। सूत्रों ने बताया कि घायलों को बेगूसराय स्थित अस्पताल में भर्ती किया, जहां इलाज के दौरान देर रात सीताराम महतो की मौत हो गई।