नवाब नगरी में चला प्रियंका का जादू

लखनऊ, 11 फरवरी (एजैंसी) : उत्तर प्रदेश कांग्रेस में जान फूंकने को लेकर नवाब नगरी पहुंची पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का जादू सिर चढ़कर बोला। ट्रंप कार्ड के तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा के नवाब नगरी में सोमवार को आयोजित मेगा रोड शो ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हाशिये पर पड़ी देश की सबसे पुरानी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बांछे खिला दी। तहजीब के शहर में राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले बुजुर्गों की माने तो उन्होंने अपने जीवन में किसी भी नवोदित नेता का ऐसा इस्तकबाल पहले नहीं देखा था। निसंदेह प्रियंका की धमाकेदार एंट्री कांग्रेसियों के बुझे चेहरों को दमकाने के लिए काफी थी। अमौसी एयरपोर्ट से माल एवन्यू स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय तक के 14 किमी के फासले पर चला यह रोड शो प्रियंका की लोकप्रियता को बयां करने के लिए काफी था। निर्धारित समय से करीब 45 मिनट की देरी पर कांग्रेस की नवांगुत महासचिव के प्लेन लैंडिंग की जैसे ही उदघोषणा हुई। हवाई अड्डा परिसर से बाहर सड़क तक प्रियंका राहुल जिंदाबाद के नारे लगने लगे। धूप खिली होने के बावजूद चुभन भरी सर्द हवाओं के बीच प्रियंका हवाई अड्डे से बाहर निकली और चिरपरिचित मुस्कान के साथ हाथ हिलाकर समर्थकों को अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद पहले से तैयार वाहन की छत पर प्रियंका,कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ खड़ी हो गई। उनके वाहन के सड़क पर आते ही कार्यकर्ताओं का जोश हिलोरें मारने लगा। रोड शो के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, पीएल पुनिया, आरपीएन सिंह, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रियंका के स्वागत के लिए उत्तराखंड,बिहार,मध्य प्रदेश और राजस्थान से भी कांग्रेस समर्थकों ने यहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। करीब 4 घंटे तक चले रोड शो का समापन शाम साढे 4 बजे कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में हुआ। चेहरे पर थकान मगर उत्साह से लबरेज प्रियंका कार्यालय के भीतर चली गई जबकि पार्टी परिसर और आसपास समर्थकों की भीड के चलते तिल रखने की जगह नहीं थी। वहीं दूसरी ओर उत्तर पदेश के लिए कांग्रेस के नवनियुक्त महासचिवों प्रिंयंका गांधी वाड्रा तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ यहां रोड शो करने आये अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि राज्य में जब तक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है तब तक ‘मैं, प्रियंका और सिंधियाजी चैन से नहीं बैठेंगे।’ अपनी बहन और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ में रोड शो करते हुए शाम को पार्टी कार्यालय पहुंचे राहुल ने कहा,‘हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है, मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य से कहा है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिये, मगर उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनानी होगी। ये आप दोनों की ज़िम्मेदारी है।’ उन्होंने कहा ‘इनका लक्ष्य लोकसभा में जरूर है, मगर इनका उद्देश्य विधानसभा में कांग्रेस की सरकार बनाने का है। हम यहां पर फ्रंट फुट पर खेलेंगे। जब तक यहां कांग्रेस पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक सिंधियाजी, प्रियंका और मैं चैन से नहीं बैठेंगे। हम उत्तर प्रदेश में युवाओं, गरीबों और किसानों की सरकार लाएंगे।’ कांग्रेस प्रमुख ने कहा,‘यह आपके (प्रियंका, ज्योतिरादित्य और उनकी टीम) लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संदेश है कि उत्तर प्रदेश में अगर कांग्रेस को खड़ा करना है तो ज़मीनी नेताओं को आगे बढ़ाना पड़ेगा।’ राहुल ने यह भी कहा कि वह बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव का आदर करते हैं, मगर कांग्रेस अगला लोकसभा चुनाव अपनी विचारधारा के लिए उत्तर प्रदेश को बदलने के मकसद से पूरे दम से लड़ेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा,‘मोदी सरकार ने राफेल सौदे में भ्रष्टाचार किया। किसानों की बजाय उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा नहीं किया। आपके पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है। आप आगे बढ़ें और कांग्रेस की विचारधारा की लड़ाई लड़ें।’ राजधानी लखनऊ स्थित हवाई अड्डा पहुंचने के बाद दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त महासचिवों-प्रियंका गांधी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया-के साथ रोड शो शुरू किया जो करीब 5 घंटे तक चला। रोड शो में लोगों की जबरदस्त मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष को हवाई अड्डे से स्थानीय कांग्रेस कार्यलाय की लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में साढे 5 बज गए। उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार कुछ उद्योगपतियों का साढ़े 3 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर सकती है लेकिन हिन्दुस्तान के किसानों का कर्ज नहीं माफ कर सकती है। चौकीदार चोर है,यह हिन्दुस्तान की सचाई है।’ राहुल ने कहा कि मोदी की सच्चाई एक के बाद एक खुल चुकी है।