राजनाथ सिंह आज जा सकते हैं कश्मीर 

नई दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से बातचीत की और सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादियों के घातक हमले के बाद की राज्य की स्थिति का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बिहार में शुक्रवार का अपना कार्यक्रम भी रद्द कर दिया। वह जम्मू-कश्मीर जा सकते हैं। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृहमंत्री ने राज्यपाल से बातचीत की जिन्होंने उन्हें राज्य की वर्तमान स्थिति के बारे में बताया। सिंह ने केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक आर आर भटनागर से भी बातचीत की और उन्हें जरूरी निर्देश दिये। वहीं दूसरी ओर हमले की फॉरेंसिक जांच में राज्य पुलिस का सहयोग करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजैंसी (एनआईए) की एक विशेष टीम आधुनिक उपकरणों के साथ कल सुबह रवाना होगी। इस बीच राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ इस हमले के बारे में विचार-विमर्श किया और कहा कि हमले में शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।