राष्ट्रीय न्यूनतम मज़दूरी 375 रुपए प्रतिदिन करने का सुझाव

नई दिल्ली, 14 फरवरी (वार्ता): केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की एक विशेषज्ञ समिति ने राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी 375 रुपए प्रतिदिन करने का सुझाव दिया है। मंत्रालय ने वृहस्पतिवार को यहां बताया कि राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी तय करने के संबंध में समीक्षा करने और उसकी पद्धति सुझाने के लिए वी.वी. गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान के शोधार्थी डा. अनूप सत्पथी की अध्यक्षता में 17 जनवरी, 2017 को एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया था। समिति ने इस संबंध में श्रम और रोजगार मंत्रालय के सचिव के जरिये 14 फरवरी, 2019 को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट को मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। समस्त पक्षधारकों और संबंधित सामाजिक संगठनों के साथ परामर्श करने के बाद इसे मंजूर किया जाएगा।