तिलक राज की शहादत पर परिजनों को नाज़

नूरपुर/धर्मशाला, 15 फरवरी (राजीव/ सतेन्द्र धलारिया) : उपमंडल ज्वाली के अंतर्गत पंचायत नाना के जवान तिलक राज की शहादत के समाचार से समूचे ज्वाली व नाना पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। समूची पंचायत गमगीन है। जानकारी अनुसार नाना पंचायत के गांव जन्द्रोह निवासी तिलक राज (30) पुत्र लायक राम की हादसे में मौत हुई है। शहीद तिलक राज सीआरपीएफ  में श्रीनगर में कार्यरत था। शहीद तिलक राज एक मिलनसार व मृदुभाषी व्यक्तित्व का इंसान था। तिलक राज का जन्म 2 मई, 1988 को हुआ था तथा वह वर्ष 2007 में सेना में भर्ती हुआ था। शहीद अपने पीछे माता बिमला देवी, पिता लायक राम, पत्नी सावित्री को छोड़ गया है। शहीद तिलक राज के दो लड़के हैं, जिनमें से बड़ा लड़का शिवान कपूर तीन साल का है, जबकि छोटा लड़का विवान 22 दिन का है। सैनिक तिलक राज की पत्नी सावित्री की डिलीवरी थी तथा वह घर पर छुट्टी आया हुआ था। पत्नी की डिलीवरी होने के उपरांत शहीद तिलक राज 11 फ रवरी, 2019 को घर से छुट्टी काट कर गया था।  शहीद तिलक राज की शहादत की मौत को सुनकर आसमान ने भी अश्रु बहाए, जैसे ही शहीद तिलक राज के शहीद होने का समाचार मिला वैसे ही आसमान ने भी बरसना शुरू कर दिया।  तिलक राज के शहीद होने का समाचार मिलने के उपरांत माता-पिता, पत्नी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।