पंजाब शहीदों के परिजनों को देगा 12-12 लाख, सरकारी नौकरी

चंडीगढ़, 15 फरवरी (पठानिया) : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने पुलवामा में राज्य से संबंधित सी.आर.पी.एफ. के शहीद हुए जवानों के वारिसों को सरकारी नौकरी और 12-12 लाख रुपए वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है। इन जवानों का कल पूरे सरकारी सम्मान के साथ संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस घृणित हमले में शहीद हुए पंजाब के 4 जवानों के परिवारों के साथ एकजुटता प्रकट की है। पुलवामा में सीआरपीएफ पर हुए कायरतापूर्ण हमले में 41 जवान शहीद हो गए जिनमें पंजाब के कुलविन्दर सिंह रूपनगर ज़िला, सुखविन्दर सिंह तरनतारन, जैमल सिंह मोगा और मनजिन्दर सिंह दीनानगर (गुरदासपुर) शामिल हैं। इस संकट की घड़ी में अपनी सरकार की तरफ से दुखी परिवारों को पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाते हुए कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग पूरी तरह इन परिवारों के साथ हैं। मानवता के विरुद्ध यह घिनौना अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त जवाबी कार्यवाही करने के लिए अपनी मांग को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बहादुर सपूतों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा।