दंपति ने उगाई विशालकाय गोभी, इंसान के बराबर है आकार

ऑस्ट्रेलिया, 16 फरवरी (एजेंसी) : ऑस्ट्रेलिया में एक दंपति ने इतनी बड़ी गोभी उगाई है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। गोभी का आकार इंसान जितना है। इस गोभी को उगाने के लिए दंपति ने 9 महीने कड़ी मेहनत की। 9 माह के दौरान दंपति ने इस गोभी को कीड़ों से बचाया। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया  की रहने वाली रोजमैरी नॉरवुड और उनके पति सीन केडमैन ने इस गोभी को उगाया है। ये दंपति जैकीज मार्श में रहता है। रिपोर्ट के अनुसार इस दंपति ने पिछले वर्ष अप्रैल माह में अपने ईको-टूरिज्म गैस्ट हाऊस में विशालकाय सब्ज़ियां उगाने की शुरुआत की थी। सीएनएन से बातचीत के दौरान नॉरवुड ने बताया कि इस तरह के प्रयोग हमेशा कामयाब नहीं होते। उन्होंने बताया इस सफल प्रयोग की एक बड़ी वजह मुफीद मौसम रहा। शुरुआती गर्मी में अच्छा बसंत मौसम, अच्छी बारिश व गर्म मौसम रहा। इस गोभी को बढ़ाने के लिए दंपति ने इसका काफी रखरखाव किया। उन्होंने आस-पास की गोभियों व अन्य सब्ज़ियों की कांट-छांट की जिससे उनसे अलग रहकर ये गोभी तेज़ी से विकसित हो। इस दंपति ने बताया कि इस गोभी को विकसित करने के लिए उन्होंने एक तार की बाढ़ बनाई। जाल के ज़रिए कीड़े-मकौड़ों से इसे बचाया गया। दंपति ने बताया कि ये गोभी इतनी बड़ी है जिसे लगभग दो सप्ताह तक खाया जा सकता है।