बहुत से स्वास्थ्य लाभ देते हैं ये फल


हमें कई फलों व सब्ज़ियों के ऐसे विशेष गुणों की जानकारी हुई है जो पहले नहीं थी। फलों व सब्ज़ियों में ऐसे एंटीआक्सीडेंट व विशेष तत्व छुपे हुए हैं जो हमें बहुत से स्वास्थ्य लाभ देते हैं। कई रोगों के इलाज में इनका प्रयोग किया जा रहा है। फलों व सब्ज़ियों का सेवन कई रोगों से हमें सुरक्षा देता है। आइए जानें ऐसे कुछ विशेष फलों व सब्ज़ियों के गुणों को:-
सेब : यह तो हम सुनते ही आए हैं कि ’एन एपल अ डे, कीप्स द डॉक्टर अवे‘। यह सत्य ही है। सभी फलों में से सेब एक अमूल्य फल है। हमारे शरीर में होने वाले शारीरिक व रासायनिक परिवर्तनों और कई अन्य कार्यकलापों में इसका सेवन महत्त्वपूर्ण लाभ देता है। पोषक तत्वों की दृष्टि से यह मिनरल व विटामिन का भंडार है। अनीमिया, कब्ज़, डायरिया, सिरदर्द, उच्च रक्तचाप, हृदय रोगों, सिरदर्द, पेट व आंखों संबंधी कई रोगों के इलाज में भी इसका प्रयोग किया जाता है। 
एक शोध से यह भी सामने आया है कि सेब व सेब के रस में ऐसे रसायन पाए जाते हैं जो रेड वाइन व चाय की तरह ही लाभ देते हैं और हृदय रोगों से सुरक्षा देते हैं। 
हां, सेब का सेवन करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि खाली पेट इसका सेवन नहीं करना चाहिए। इससे अपच हो सकता है।
केला : केला एक ऐसा फल है जो इतने कम मूल्य में उपलब्ध है कि हर व्यक्ति इसे खरीद सकता है। यह एनर्जी का भंडार है। एक केले में अनुमानत: 100 कैलोरी की मात्रा होती है। इसमें प्रोटीन, विटामिन व मिनरल पाए जाते हैं। दूध के साथ इसका सेवन सम्पूर्ण आहार माना जाता है। 
आंतों संबंधी रोगों, डायरिया, पेचिश आर्थराइटिस, गाउट, अनीमिया, टी. बी.व एलर्जी आदि रोगों में इसका सेवन लाभप्रद है। पोटेशियम का उत्तम स्रोत होने के कारण उन व्यक्तियों को जिनकी किडनी फेल हुई हो, इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
अनार : अनार एक ऐसा फल है जिसे पचाना अन्य फलों की अपेक्षा आसान है।  बुखार व अन्य रोगों में इसका सेवन फायदेमंद होता है। जिगर, हृदय, गुर्दो के कार्यकलापों में भी इसका सेवन सुधार लाता है। भोजन से विटामिन ए की पूर्ति जिगर को करने में भी यह सहायक भूमिका निभाता है। इंफेक्शन खासकर टी.बी. से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता को इसका सेवन बढ़ाता है। बुखार, खुजली, गुर्दे में पथरी,दांतों व मसूड़ों संबंधी रोगों आदि के इलाज में इसका सेवन लाभ पहुंचाता है। 
चुकंदर : चुकंदर का रस जिगर को साफ करता है। रक्त को साफ कर विषैले तत्वों को बाहर निकालता है। यह कब्ज को दूर करता है और रक्तवाहिनियों की मज़बूती के लिए भी इसका सेवन अच्छा है। रक्त संचार में सुधार करके कोलेस्ट्रोल के स्तर में कमी लाता है। अनीमिया में भी इसका सेवन फायदेमंद है।
संतरा :  यह रसीले फलों में बेहद लोकप्रिय फल है और संतरे का रस तो प्राय: हर जगह उपलब्ध होता है। विटामिन ए, बी,सी, और कैल्शियम से भरपूर संतरा इनका उत्तम स्रोत है।