पाकिस्तान का दावा - हमारे इलाके में घुसी भारतीय पनडुब्बी

नई दिल्ली, 05 मार्च - भारत और पाकिस्तान की सीमा पर बने तनाव के बीच पाकिस्तान नौसेना ने भारतीय पनडुब्बी पर पाकिस्तान के जलक्षेत्र में घुसपैठ करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान की नौसेना की ओर से इस बात का दावा किया गया है कि उसने सोमवार को भारतीय पनडुब्बी को अपने (पाकिस्तान के) जलक्षेत्र में घुसने की कोशिश को असफल कर दिया। पाकिस्तान के मीडिया द्वारा इस बारे में खबरों को सुर्खियां बनाकर चलाया जा रहा हैं। पाकिस्तान नौसेना के प्रवक्ता ने दावा किया है कि वर्ष 2016 के बाद यह दूसरी घटना है, जब किसी भारतीय पनडुब्बी ने पाकिस्तान के जलक्षेत्र में घुसने की कोशिश की है। पाकिस्तानी नौसेना की ओर से जारी की इस वीडियो में एक पनडुब्बी का ऊपरी हिस्सा दिखाया जा रहा है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने शान्ति की नीति के मद्देनजर भारतीय पनडुब्बी को निशाना नहीं बनाया। उसने कहा कि भारत को इस घटना से सीख लेनी चाहिए और शान्ति की ओर बढ़ना चाहिए। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी नौसेना अपने जलक्षेत्र की रक्षा करने के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी प्रकार की आक्रामकता का पूरी ताकत के साथ जवाब देने में सक्षम है।