राजनीति का दंगल

मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से लोकसभा चुनावों की तिथियों की घोषणा एवं इनसे संबंधित समूचा विस्तार दिए जाने से एकाएक ही चुनाव माहौल गर्मा गया है। देश में पांच वर्षों के बाद राजनीति का यह दंगल होता है। इसमें समूचे देश की दिलचस्पी रहती है। निचले स्तर से लेकर ऊपरी स्तर तक निरन्तर भारी चर्चा एवं सक्रियता बनी रहती है। चुनावों का यह सिलसिला 11 अप्रैल से शुरू होकर 19 मई तक चलेगा तथा 23 मई को परिणाम सामने आएंगे। इस प्रकार आज से लेकर पौने तीन महीने तक लोगों के सिर पर चुनाव बुखार चढ़ा रहेगा। भिन्न-भिन्न दलों की ओर से इस घोषणा के कई माह पहले ही चुनाव तैयारियां शुरू कर दी गई थीं तथा कमर कस ली गई थी। जैसे-जैसे समय निकट आता गया इन गतिविधियों में वृद्धि होती गई। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। इसमें इतने बड़े स्तर पर चुनाव करवाना बहुत बड़ी चुनौती है। भिन्न-भिन्न राज्यों एवं स्थानों पर अनेक प्रकार की समस्याएं  पेश होती हैं, जिन्हें ध्यान में रखा जाना बहुत ज़रूरी होता है। चुनाव आयोग ने भी विगत लम्बी अवधि से यह कवायद शुरू कर दी थी। उसका कर्मचारी वर्ग सभी राज्यों की ज़मीनी वास्तविकताओं को समझ-बूझ कर चुनावों के लिए तिथियां निर्धारित करने में व्यस्त था। इसीलिए ये चुनाव 7 चरणों में बांटे गए हैं। इनमें उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, सिक्किम एवं अरुणाचल प्रदेश आदि राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव भी शामिल किए गए हैं। स्वतंत्रता के बाद पहले आम चुनाव 1951-52 में हुए थे। अब लोकसभा के लिए 17वें चुनाव होने जा रहे हैं। इस सम्पूर्ण समय में चुनाव आयोग की संवैधानिक संस्था काफी मजबूत हो गई है। समय की वास्तविकताओं को पहचानते हुए चुनाव करवाने की प्रक्रिया में अनेक प्रकार के सुधार किए गए हैं। जो भी त्रुटियां सामने आती गईं, उन्हें ठीक करने के लिए बड़े-बड़े पग उठाये जाते रहे। चाहे चुनाव आयोग पर अनेक प्रकार की उंगलियां उठती रहीं तथा इसकी कार्यशैली में अनेक प्रकार की त्रुटियां भी गिनाई जाती रहीं परन्तु हम समझते हैं कि चुनाव आयोग ने एक संस्था के रूप में बहुत लम्बा सफर तय किया है। मतदान के लिए मतपेटियों से लेकर विद्युत मशीनों तक का सफर बहुत थका देने वाला है, परन्तु इसकी निरन्तर सक्रियता एवं अपने लक्ष्यों में सफलता हासिल करत जाने को श्लाघनीय कहा जा सकता है। नि:संदेह आज चुनाव आयोग की प्रकट होने वाली बड़ी त्रुटियों को दूर करने का यत्न किया जा रहा है। चुनाव आयोग ने अपनी साख में निरन्तर वृद्धि की है। आज यह बात निश्चय के साथ कही जा सकती है कि चुनाव प्रक्रिया को काफी बड़ी सीमा तक संतुलित बना लिया गया है। एक अरब, तीस करोड़ की आबादी वाले विभिन्नताओं से परिपूर्ण देश जिसके मतदाताओं की संख्या ही 90 करोड़ से अधिक हो, में चुनावों के कार्य को सम्पन्न करना अत्यधिक कठिन कार्य है। उस स्थिति में जब प्रत्येक राजनीतिक पक्ष अपनी छवि बनाने में पूरी शक्ति लगा रहा हो, तो चुनाव आयोग का कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसे भारतीय लोकतंत्र की शक्ति ही कहा जा सकता है कि इसने बदलते हुए हालात के साथ स्वयं को सदैव बदलने का यत्न किया है। चुनाव आयोग ने परिवर्तित स्थितियों में अपनी कार्यशैली को बदलने में कभी संकोच नहीं किया। आशा की जानी चाहिए कि इस अतीव विशाल एवं पेचीदा कार्य को सही एवं अच्छे ढंग से सम्पन्न किया जा सकेगा। इसकी सफलता से ही भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और बढ़ेगी। 

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द