एलओसी पर पुंछ-रावलकोट मार्ग से व्यापार दो दिन बाद बहाल

जम्मू, 15 मार्च (भाषा) पूंछ-रावलकोट मार्ग से नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर व्यापार दो दिन के बाद शुक्रवार को पुन: बहाल हो गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा शांति विराम का उल्लंघन करने के कारण दो दिन यह व्यापार बंद था। पूंछ स्थित एलओसी व्यापार केंद्र के संरक्षक फरीद कोहली ने कहा कि चकन-दा-बाग के जरिये कुल 67 ट्रकों का नियंत्रण रेखा के दोनों ओर आना जाना हुआ। इनमें 35 ट्रक भारत के और 32 ट्रक पाकिस्तान के थे। उन्होंने कहा कि व्यापार सहजता से हुआ। वस्तु विनिमय प्रणाली पर आधारित यह व्यापार अक्टूबर 2008 में शुरू हुआ है और सप्ताह में चार दिन, मंगलवार से शुक्रवार तक होता है।