भाग-1 खडूर साहिब संसदीय क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां ज़ोर पकड़ने लगी

तरनतारन, 15 मार्च (हरिन्द्र सिंह): देश में हो रहे लोकसभा चुनावों सम्बन्धी चार ज़िलों से संबंधित लोकसभा क्षेत्र खडूर साहिब में चुनाव सरगर्मियों ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन द्वारा बीबी जागीर कौर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है और अकाली दल द्वारा लोकसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव सरगर्मियां गर्मा दी हैं। यहां तक कि शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल तरनतारन एवं खेमकरण विधानसभा क्षेत्रों में अकाली कार्यकर्ताओं की दो बड़ी रैलियों को संबोधित भी कर चुके हैं। मुख्य विरोधी कांग्रेस पार्टी द्वारा अभी तक इस क्षेत्र से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा न किए जाने के कारण वह फिलहाल चुनाव सरगर्मी में पिछड़े हुए हैं। खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक जसबीर सिंह डिम्पा द्वारा स्वयं को कांग्रेस का उम्मीदवार बताते हुए काफी सरगर्मी दिखाई गई थी परन्तु पता चला है कि उनके मार्ग में पूर्व मंत्री इन्द्रजीत सिंह जीरा मार्ग में बाधक बने बैठे हैं और इस क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा में देरी हो सकती है। पंजाब एकता पार्टी के प्रधान सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा खडूर साहिब क्षेत्र से मानवाधिकारों के लिए अपनी जान गंवाने वाले जसवंत सिंह खालड़ा की पत्नी बीबी परमजीत कौर खालड़ा को चुनाव मैदान में उतार दिया है। इसके अतिरिक्त शिरोमणि अकाली दल से बागी होकर अकाली दल टकसाली को अस्तित्व में लाने वाले जत्थेदार रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने हलका खडूर साहिब से जनरल जे.जे. सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। विधानसभा क्षेत्र तरनतारन में पहले 176503 वोटर थे, जोकि अब 186000 हो गए हैं, जिनमें 97511 पुरुष, 88435 महिलाएं एवं 4 अन्य हैं, खेमकरण क्षेत्र में पहले 195542 वोटर थे, जबकि अब यह संख्या 199007 हो गई है, इनमें 104478 पुरुष, 94523 महिलाएं एवं 6 अन्य वोटर हैं। क्षेत्र जंडियालागुरु रिजर्व में पहले 170285 वोटर थे, जोकि बढ़ाकर 171756  हो गए हैं। इनमें 91414 पुरुष, 80340 महिलाएं एवं दो अन्य वोटर हैं। विधानसभा क्षेत्र पट्टी में पहले 187409 वोटर थे, जो अब 190777 वोटर हो गए हैं, इनमें 99867 पुरु एवं 90896 महिलाओं के अतिरिक्त 7 अन्य वोटर हैं। विधानसभा क्षेत्र खडूर साहिब में पहले 187161 वोटर थे, जोकि अब बढ़कर 194319 वोटर हो गए हैं इनमें 102774 पुरुष एवं 91538 महिलाओं के अतिरिक्त 7 अन्य वोटर हैं। हलका बाबा बकाला रिजर्व से पहले 184398 वोटर थे, जोकि अब 187358 वोटर हो गए हैं, जिनमें 97967 पुरुष, 89380 महिलाएं एवं 11 अन्य वोटर हैं। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र कपूरथला में पहले 139588 वोटर थे, जोकि अब 141840 वोटर हो गए हैं। इनमें 74196 पुरुष, 67623 महिलाएं एवं 21 अन्य वोटर हैं। सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में पहले 136938 वोटर थे, जबकि इसकी संख्या बढ़कर अब 143076 हो गई हैं, जिनमें 75842 पुरुष, 67230 महिलाएं एवं चार अन्य वोटर शामिल हैं। विधानसभा हलका जीरा में पहले 176234 वोटर थे, जिसकी संख्या बढ़कर 181469 पहुंच गई है, इनमें 95942 पुरुष एवं 85422 महिलाओं के अतिरिक्त 5 अन्य वोटर शामिल हैं। इस बार कुल 41537 नए वोटर बने हैं, जिनकी उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है।