इरफान ने ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई 

नई दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) : राष्ट्रीय रिकार्डधारी केटी इरफान जापान के नोमी में रविवार को एशियाई पैदल चाल चैम्पियनशिप के 20 किलोमीटर स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहते हुए टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल करने वाले पहले भारतीय एथलीट बने। इरफान ने एक घंटे 20 मिनट और 57 सेकंड का समय लिया जबकि टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन मार्क एक घंटे और 21 मिनट था। एथलेटिक्स में इरफान के अलावा अभी किसी अन्य भारतीय ने 2020 ओलंपिक का टिकट हासिल नहीं किया है। इरफान ने इसके साथ ही कतर के दोहा में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप (27 सितंबर से छह अक्तूबर) के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। इसके लिए क्वालीफाइंग मार्क एक घंटा 22 मिनट और 30 सेकंड था। इरफान के अलावा देवेन्द्र सिंह और गणपति कृष्णन ने भी क्रमश: एक घंटा 21 मिनट और 22 सेकंड तथा एक घंटा 22 मिनट और 12 सेकंड के समय के साथ विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। महिलाओं के 20 किलोमीटर पैदल चाल में सौम्या देवी एक घंटा 36 मिनट और आठ सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं लेकिन वह ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।