लोकसभा क्षेत्र लुधियाना : संभावित उम्मीदवारों द्वारा चुनाव प्रचार शुरु

लुधियाना, 17 मार्च (कविता खुल्लर, परमिन्द्र सिंह आहूजा): लुधियाना लोकसभा चुनावों के लिए भले ही प्रमुख राजनीतिक पार्टियों द्वारा अभी तक अपने उम्मीदवारों की औपचारिक रूप से घोषणा नहीं की है, परन्तु संभावित उम्मीदवारों ने भीतरखाते चुनाव लड़ने की तैयारियां एवं प्रचार शुरू कर दिया है। जानकारी अनुसार कांग्रेस द्वारा इस बार वर्तमान लोकसभा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को पुन: से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। बिट्टू वर्ष 2014 में भी लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं। स. बिट्टू ने अपने निकटस्थ विरोधी आम आदमी पार्टी के एच.एस. फुलका को 19,709 वोटों के अन्तर से हराया था। वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ, जिनमें कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू, आम आदमी पार्टी के हरविन्द्र सिंह फुलका, अकाली दल के मनप्रीत सिंह इयाली एवं लोक इंसाफ पार्टी के सिमरजीत सिंह बैंस शामिल थे। रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा कुल 3 लाख 459 वोटें हासिल की थीं, जोकि कुल डाली वोटों का 27.27 प्रतिशत था, जबकि आम आदमी पार्टी के हरविन्द्र सिंह फुलका को 2,60,750 वोटें पड़ी तीं, जोकि कुल वोटों का 25. 48 प्रतिशत था। 
अकाली दल के उम्मीदवार मनप्रीत सिंह इयाली को 2,56,590 वोटें हासिल हुई थीं, जोकि कुल वोटों का 23.28 प्रतिशत था। लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस ने 2,10,917 वोटें हासिल हुई थीं। इस बार भले ही फिलहाल किसी भी पार्टी द्वारा अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, परन्तु कांग्रेस द्वारा वर्तमान सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, अकाली दल द्वारा महेशइन्द्र  सिंह ग्रेवाल एवं पंजाब डैमोक्रेटिक अलायंस द्वारा लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख एवं क्षेत्र आत्म नगर से विधायक सिमरजीत सिंह बैंस को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। जिले की 14 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 11 विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल हुई थी, जबकि आत्म नगर एवं क्षेत्र दक्षिणी से लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस एवं उनके भाई बलविन्द्र सिंह बैंस विजयी करार दिए गए थे। साहनेवाल से अकाली दल के शरणजीत सिंह ढिल्लों कांग्रेस के उम्मीदवार को हराकर विजयी रहे थे। कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार बिट्टू का भीतरखाते कुछ कांग्रेसियों द्वारा विरोध किया जा रहा है और इन नेताओं ने पार्टी हाईकमान को लुधियाना लोकसभा की टिकट हिन्दू उम्मीदवार को देने की बात की है।  इस बार चुनावों में पी.डी.ए. के संभावित उम्मीदवार सिमरजीत सिंह बैंस द्वारा अपने विरोधियों को ज़बरदस्त टक्कर देने की संभावना है। आजादी के पश्चात लुधियाना लोकसभा क्षेत्र के लिए 16 बार चुनाव हुए हैं, जिनमें 9 बार कांग्रेस, 6 बार अकाली एवं एक बार अकाली दल मान के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। लोकसभा चुनावों के परिणाम 23 मई को आने के पश्चात यह स्पष्ट होगा कि इनमें से कौन उम्मीदवार लुधियाना के वोटरों की आशाओं पर खरा उतरेगा।