शिक्षा विभाग का एक और कारनामा : अंग्रेजी मीडियम में विज्ञान विषय पढ़ते छात्रों को मिले पंजाबी मीडियम के प्रश्न पत्र

संगरूर, 17 मार्च (धीरज पशौरिया) : इस बार राज्य के स्कूलों में हो रही परीक्षाओं दौरान शिक्षा विभाग का प्रतिदिन कोई न कोई नया कारनामा सामने आ रहा है। पहले सामाजिक शिक्षा विषय के 8वीं कक्षा के पेपर वाले दिन कई स्कूलों में प्रश्न पत्रों के पैकेट में पंजाबी विषय के प्रश्न पत्र मिले। फिर विज्ञान विषय के पेपर वाले दिन प्रश्न पत्र कम उत्तर पुस्तकों के मुख्य पन्ने ही गायब थे, जिस कारण छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कल ही ज़िले के स्मार्ट स्कूलों में कई स्कूलों में नई समस्या आई जब सारा वर्ष विज्ञान विषय को अंग्रेजी मीडियम में पढ़ने वाले छात्रों के हाथों में पंजाबी मीडियम वाले प्रश्न पत्र पकड़ा दिए गए। पेपर देने आए छात्रों के लिए पैदा हुई इस समस्या के समाधान के लिए ड्यूटी स्टाफ ने तुरंत अन्य स्मार्ट स्कूलों से संपर्क किया तो कहीं जाकर वहां अंग्रेजी मीडियम के प्रश्न पत्र ऑनलाईन मंगवाए गए तथा प्रिंट निकलवा कर छात्रों को बांटे गए। इस समस्या के कारण कई स्मार्ट स्कूलों में यह पेपर एक घंटा देरी से शुरू हो सका। अध्यापक नेता हरजीत सिंह गलवटी, फकीर सिंह टिब्बा, तेजिन्द्र सिंह संघरेड़ी, गुरजंट सिंह बालिया, देवी दयाल, बलवीर चंद लौंगोवाल तथा अनिल गोयल ने शिक्षा विभाग के ज़िम्मेदार अधिकारियों द्वारा की जा रही लापरवाही पर चिंता का प्रकटावा करते इसकी जांच करवाए जाने की मांग की है।