नौजवान पीढ़ी ऐतिहासिक फिल्में देखें : अक्षय

चंडीगढ़, 18 मार्च (पठानिया) : सारागढ़ी जंग पर बनी अपनी नई फिल्म ‘केसरी’ की प्रमोशन के लिए आज बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार आज चंडीगढ़ पहुंचे साथ में फिल्म के निर्देशक अनुराग सिंह और अभिनेत्री परिणीति चौपड़ा भी थे। अक्षय कुमार जहां मीडिया और अपने दोस्तों के साथ रू ब रू हुए वहीं जमकर मस्ती भी की। इस बातचीत दौरान अक्षय कुमार ने फिल्म के कुछ अनछुए पहलुओं के बारे में भी बताया। अक्षय ने कहा कि सारागढ़ी, जहां 21 सिखों ने किलो को सफलतापूर्वक बचाने के लिए संघर्ष किया और 10 हजार आक्रमणकारियों की फौज के सामने डटकर खड़े हो गए और उनका मुकाबला किया। जहां उन्हें यह भी पता था कि अंजाम क्या होगा लेकिन बावजूद इसके वे अपने आत्म सम्मान के लिए, अपने देश के लिए व अपने गुरुओं के लिए पूरी दिलेरी के साथ डटकर लड़े। आज सारागढ़ी का वह हिस्सा पाकिस्तान में है और अब मंजूरी मिलने के बाद अब वहां एक काफी बड़ा गुरुद्वारा बनने जा रहा है। सारागढ़ी मैमोरियल यह गुरुद्वारा बनाएगी। फिल्म की कहानी के बारे में पूछे गए सवाल पर अक्षय ने कहा कि फिल्म निर्माता करन जौहर ने सबसे पहले मुझे इस जंग के बारे में बताया था तो मैं तभी से सोचने लगा था कि काश कोई इस पर रिसर्च करके कहानी तैयार करें। बाद में अनुराग सिंह ने इस विषय पर काफी रिसर्च की जिसके बाद यह कहानी तैयार हुई। फिल्म निर्देशक अनुराग सिंह ने बताया कि सारागढ़ी के इतिहास बारे निर्देशक अनुराग सिंह ने कहा कि रिसर्च दौरान हमे पता चला कि एक सारागढ़ी फाउंडेशन है जो कि पिछले 25 सालों से इस विषय पर रिसर्च कर रही है। उन्होंने ही शहीदों के परिवारों व उनकी पीढ़ियों को ढूंढ-ढूंढ कर उनसे संपर्क किया और अभी भी 21 शहीदों का नहीं बल्कि केवल 19 शहीदों के बारे में ही जानकारी हासिल हो पाई है। परिणीति ने कहा कि ‘मेरी पंजाबी ऐनी चंगी नी हेगी पर टूटी फूटी जिनी भी आनदी है बोलांगी।’