स्टर्लिंग बायोटेक मामला : आरोपी हितेश पटेल अल्बानिया में गिरफ्तार 

नई दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) : स्टर्लिंग बायोटेक समूह के 8,100 करोड़ रुपए के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में आरोपी हितेश पटेल को अल्बानिया में हिरासत में ले लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जारी इंटरपोल नोटिस के बाद पटेल को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पटेल को अल्बानिया के विधि प्रवर्तन अधिकारियों ने 20 मार्च को तिराना में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने कहा कि पटेल इस मामले में एक आरोपी है। वह मामले के मुख्य आरोपियों संदेसरा भाइयों नितिन एवं चेतन संदेसरा का रिश्तेदार है। उन्होंने कहा कि पटेल को जल्द भारत प्रत्यर्पित किए जाने की संभावना है।