नॉर्वे के समुद्र में फंसे जहाज से 400 को सुरक्षित निकाला

ओस्लो, 24 मार्च (आईएएनएस) : नॉर्वे के समुद्र में एक क्रूज जहाज का इंजन फेल हो जाने के बाद इसमें सवार लगभग 1,300 लोगों में से 400 को हवाई मार्ग से सुरक्षित समुद्र तट ले आया गया है। चालक दल के साथ ही अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, नार्वे के राहत सेवा के अधिकारी ने कहा कि विकिंग स्काई जहाज ने शनिवार को खराब मौसम के कारण इंजन फेल होने का आपदा संकेत भेजा था। जहाज आठ मीटर ऊंची लहरों में घिर गया था। जहाज में चार इंजन में से तीन रविवार को चालू हो गए। इसके बाद इसे समुद्र तट की ओर लाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने कहा, ‘‘चार में तीन इंजन अब काम कर रहे हैं और जहाज खुद से समुद्र तट तक आ जाएगा।’ उन्होंने कहा कि हैलीकाप्टर से बचाव अभियान जारी रहेगा। जहाज पर सवार 1373 लोगों में 915 यात्री हैं, जो मुख्य रूप से अमरीका और इंग्लैंड के हैं। जहाज में 458 चालक दल के सदस्य हैं।