सुखबीर द्वारा फिरोज़पुर से चुनाव लड़ने की तैयारी

जालन्धर, 24 मार्च (मेजर सिंह): शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने हेतु तैयारियां जोरों से शुरू कर दी है जिसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में गर्मा गई है। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार सुखबीर सिंह बादल की पत्नी एवं केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल द्वारा बठिंडा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने को पुन: से सहमति व्यक्त की गई है जबकि सुखबीर सिंह बादल ने कई दिनों की कशमकश के बाद फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव में उतरने का मन बना लिया है। बताया जाता है कि स. बादल के निकटस्थ सूत्रों का विचार है कि वरिष्ठ नेतृत्व को चुनाव मैदान में उतारकर पंजाब का चुनावी परिवेश बदला जा सकता है। वह इस विचार में हैं कि सुखबीर सिंह बादल के फिरोज़पुर से उम्मीदवार बनने से क्षेत्र का ध्यान एकदम से दल के समर्थन में हो जाएगा। फिरोज़पुर लोकसभा क्षेत्र के जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से सुखबीर सिंह बादल पहले तीन बार बड़े अन्तर से जीतते आ रहे हैं। पार्टी द्वारा बठिंडा एवं फिरोजपुर क्षेत्रों के करवाए विभिन्न सर्वेक्षणों में भी अकाली दल का हाथ ऊपर बताया गया है। बठिंडा से जीत की आशा से बादल परिवार ने हरसिमरत कौर को इसी क्षेत्र से पुन: प्रत्याशी बनाए जाने का फैसला किया है। वह इस क्षेत्र में 2009 से 2014 में दो बार चुनाव जीत चुकी हैं। सुखबीर सिंह बादल के फिरोजपुर से प्रत्याशी बनने से यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि उनको बाहरी क्षेत्रों में चुनावी अभियान में शामिल होने में परेशानी आ सकती है। कम से कम बठिंडा एवं फिरोजपुर क्षेत्रों में जीत सुनिश्चित बनाने के लिए उनको पूरा जोर लगाना पड़ेगा परन्तु साथ ही यह भी विचार है कि स. बादल के स्वयं चुनाव लड़ने से फिरोज़पुर में आने वाली गर्मजोशी सारे पंजाब को भी प्रभावित कर सकती है। उनका मानना है कि जैसे विगत लोकसभा चुनावों में अंतिम क्षण में कांग्रेस द्वारा कै. अमरेन्द्र सिंह को अरुण जेतली के खिलाफ उतार देने से चुनावी परिवेश ही बदल गया था, उसी तरह फिरोज़पुर भी सारा पंजाब नहीं तो मालवे के कई क्षेत्रों का चुनावी परिवेश बदल सकता है। बठिंडा एवं फिरोज़पुर दोनों क्षेत्र इस समय अकाली दल तथा कांग्रेस हेतु प्रतिष्ठा का प्रश्न बने हुए हैं। कांग्रेस ने भी अभी तक इन दोनों क्षेत्रों के लिए अपने पत्ते नहीं खोले। परन्तु पता चला है कि फिरोज़पुर क्षेत्र से विगत लोकसभा चुनाव में अकाली दल की टिकट पर जीते स. शेर सिंह घुबाया के अब कांग्रेस में चले जाने का भी स. बादल को बड़ा मलाल है और स. बादल यह सीट जीतकर यह साबित करने की तमन्ना रखते हैं कि इस सीट पर भी दबदबा उन्हीं का ही है। कांग्रेस द्वारा स. घुबाया को पुन: प्रत्याशी बनाए जाने की भी चर्चा है। पता चला है कि सुखबीर सिंह बादल ने दोनों क्षेत्रों की विस्तृत सर्वेक्षण के पश्चात चुनाव लड़ने का मन बनाना शुरू किया है।