फिरोज़पुर से सुखबीर के चुनाव लड़ने के संकेत- कांग्रेसियों के चेहरे से उड़ी रौणक


फाज़िल्का, 26 मार्च (दविन्द्र पाल सिंह): पंजाब में दस साल बाद सत्ता में आई कांग्रेस के नेताओं व वर्करों में पहले चरण के दौरान बहुत जोश देखने को मिला। जैसे ही लोकसभा चुनावों की घोषणा हुई, कांग्रेस पार्टी में टिकट प्राप्ति की कतार लग गई और उधर अकाली दल में उम्मीदवार की तलाश शुरू हो गई। अकाली भाजपा गठबंधन द्वारा फिरोजपुर लोकसभा हलके से सारी स्थिति की जांच करने के बाद बादल परिवार द्वारा चुनाव लड़ने के संकेतों ने कांग्रेस वर्करों के चेहरों से रौणकें उड़ा दीं हैं। पहले हरसिमरत कौर बादल और अब पार्टी प्रधान स. सुखबीर सिंह बादल के नाम पर चुनाव लड़ने की पक्की मुहर पार्टी हाई कमान द्वारा लगाई गई बताई जाती है। अकाली हाईकमान के इस फैसले से अकाली भाजपा नेताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। फिरोज़पुर लोकसभा हलका, जिसमें फाज़िल्का का पूरा ज़िला आता है, वैसे कांग्रेस पार्टी के टिकट के दावेदारों की कतार लंबी थी। जिनमें अकाली दल को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए सांसद शेर सिंह घुबाया, पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, पंजाब के पूर्व मंत्री हंस राज जोसन, डॉ. महिन्द्र रिणवा, भाई हरनिरपाल सिंह कुक्कू, यूथ कांग्रेस कोटे से जगदीप कंबोज गोल्डी आदि मुख्य दावेदारों में शामिल हैं। प्राप्त राजनीतिक सूत्रों के अनुसार स. सुखबीर सिंह बादल के इस हलके से चुनाव लड़ने के पक्के संकेत के बाद कांग्रेस आलाकमान भी किसी बड़े राजनीतिक कद वाले प्रभावशाली नेता को चुनाव मैदान में उतारने की नीति बना रही है। जिनमें कांग्रेस हाईकमान की निगाह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील कुमार जाखड़, आल इंडिया यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान व विधायक अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग के अलावा कई ऐसे नेताओं पर रखी जा रही है, जो सभी विधानसभा हलकों में सभी गुटों को साथ लेकर चुनाव लड़ सकें। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार ऐसे हालातों में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा में कुछ देरी हो सकती है। कांग्रेस चाहती है कि किसी ऐसे नेता को यहां से चुनाव लड़ाया जाए तो सुखबीर सिंह बादल को इस हलके में ही घेर कर रख सके।