सऊदी अरब : गाड़ी चलाने के अधिकार हेतु लड़ीं महिला कार्यकर्ताओं ने लगाए अत्याचार के आरोप

रियाद, 28 मार्च (एएफपी) : सऊदी अरब में करीब एक साल पहले हिरासत में ली गई महिला कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सुनवाई के दौरान आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उन्हें यातनाएं दी गई और उनका यौन उत्पीड़न किया गया। रियाद की एक अपराध अदालत में बुधवार को 11 महिलाओं पर अंतर्राष्ट्रीय मीडिया और मानवाधिकार समूहों से संपर्क रखने के लिये आरोप तय करने के लिये दूसरी बार सुनवाई हुई। इस दौरान विदेशी पत्रकारों और राजनयिकों को अदालत की कार्यवाही में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी गई थी। इस दौरान अदालत में मौजूद सूत्रों ने बताया कि उनमें से कुछ महिलाएं रोने लगीं। उन्होंने तीन न्यायधीशों की पैनल के सामने कहा कि पूछताछकर्ताओं ने उन्हें बिजली के झटके लगाए, हिरासत के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और यौन शोषण किया गया। सऊदी अरब सरकार मानवाधिकारों के अपने रिकॉर्ड को लेकर गहन अंतर्राष्ट्रीय जांच का सामना कर रही है। हालांकि वह महिलाओं पर अत्याचार और उनके उत्पीड़न से साफ इनकार करती रही है। इन कार्यकर्ताओं को महिलाओं के गाड़ी चलाने पर लगा प्रतिबंध हटने से ठीक पहले हिरासत में लिया गया था। महिलाओं ने गाड़ी चलाने के अधिकार और प्रतिबंधात्मक संरक्षकता प्रणाली को समाप्त करने के लिए अभियान चलाया था।