21 के हुए ‘गूगल गुरु’

नई दिल्ली, 27 सितम्बर (भाषा): हर मर्ज की दवा बताने वाले ‘गूगल गुरु’ शुक्रवार को 21 साल के हो गए। गूगल इस पल का जश्न ‘विशेष डूडल’ बनाकर मना रहा है। डूडल में 90 के दशक के कंप्यूटर और गूगल के पुराने ‘लोगो’ की झलक दिखाई गई है। गूगल अमेरिका की दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी है, जिसकी इंटरनेट से जुड़ी सेवाएं और उत्पाद पेश करने में विशेषज्ञता है।  गूगल के इस रंगीन डूडल में 90 के दशक का एक डेस्कटॉप कंप्यूटर दर्शाया गया है, जो एक बड़े प्रिंटर और सीपीयू (केंद्रीय प्रसंस्करण इकाई) से जुड़ा है। कंप्यूटर के स्क्रीन पर गूगल का पुराना लोगो प्रमुखता से नजर आ रहा है। इस पूरी तस्वीर को एक पोस्टकार्ड पर चित्रित किया गया है। जिसके चारों ओर रंगीन बुलबुले और तारे (स्टार) दिखाई दे रहे हैं। इसके एक कोने पर गूगल का स्थापना दिवस‘98 9 27’अंकित है। गूगल डूडल पर क्लिक करने पर जो सर्च पेज आता है, उसके बाएं कोने में शीर्ष में गूगल के लोगो में दो संख्या ‘2’ और ‘1’ दिखाया गया है। अमेरिका में कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में पीएचडी के दो छात्रों लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने 27 सितंबर 1998 को गूगल की स्थापना की थी।