भारत व बंगलादेश में मैत्रीपूर्ण संबंधों का विकास हो : हसीना

कोलकाता, 22 नवम्बर (भाषा) बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना ने शुक्रवार को कहा कि बंगलादेश अपने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारत के सहयोग को हमेशा याद रखेगा। दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण संबंधों का विकास होना चाहिए। हसीना ने कहा कि हम अपने स्वतंत्रता संग्राम में भारत के सहयोग के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। हम इसे कभी नहीं भूलेंगे। हसीना ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मुलाकात के बाद कहा कि भारत ने बांग्लादेश के एक करोड़ से अधिक शरणार्थियों को आश्रय दिया। उन्होंने कहा कि हम इस मैत्रीपूर्ण और समन्वयवादी द्विपक्षीय संबंध को बनाए रखना चाहते हैं।