निर्भया केस : फांसी घर में जमीन पर लेट गए दोषी

नई दिल्ली, 20 मार्च - सात साल के लंबे इंतज़ार के बाद निर्भया के चारों दोषियों को फांसी दे दी गई है। पवन गुप्ता, विनय शर्मा, मुकेश सिंह और अक्षय कुमार सिंह को आज सुबह साढ़े पांच बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गई। सूत्रों के मुताबिक, सुबह सवा तीन बजे इन्हें जगाया गया। हालांकि कहा जा रहा है कि ये चारों रात भर सो नहीं पाए। सुबह करीब 4:30 बजे इन्हें चाय दी गई, लेकिन इन सबने चाय पीने से मना कर दिया। इन सबने नाश्ता खाने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद जल्लाद ने चारों को काले रंग की पोशाक पहनाई। इस दौरान इन सबके हाथ पीछे की ओर बांध दिए गए। इस दौरान दो दोषियों ने हाथ बंधवाने से भी इनकार कर दिया, लेकिन बाद में पुलिस वालों की मदद से इनके हाथ बांध दिए गए। फांसी के घर पहुंचते ही चारों दोषी जमीन पर लेट गए। वो रोने भी लगे और माफी मांगने की बात कहने लगे। बाद में जेल अधिकारियों की मदद से उन्हें आगे ले जाया गया। इसके बाद जल्लाद ने चारों अपराधियों के गले में रस्सी की गांठ को सतर्कता से कस दिया। जैसे ही जेल सुपरिटेंडेंट ने इशारा किया जल्लाद ने लिवर खींच दिया। दो घंटे बाद डॉक्टर ने इन चारों को मृत घोषित कर दिया।