कांग्रेस को अलविदा कह घर वापसी करेंगे बसपा के पूर्व प्रदेश प्रधान गुरलाल सैला

गढ़शंकर,11 नवंबर - (धालीवाल) - बसपा के पूर्व प्रदेश प्रधान और मौजूदा कांग्रेस नेता गुरलाल सैला कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहने जा रहे हैं। वह जालंधर में पार्टी के प्रदेश प्रधान और अन्य सीनियर नेताओं की उपस्थिति में बसपा में वापसी करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले अप्रैल 2019 में बसपा छोड़कर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए गुरलाल सैला ने कहा कि उनका कांग्रेस छोड़ने का मुख्य कारण वजीफा घोटाला है। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार वजीफा घोटाला में दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने की बजाय उनका बचाव करती नज़र आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में दलित नेताओं को बनता सम्मान नहीं मिल रहा।