हरियाणा: रेवाड़ी में बनाई गई कोविड जेल से भागे 13 संक्रमित कैदी

रेवाड़ी, 09 मई - हरियाणा में रेवाड़ी के गांव फिदेड़ी में बनाई गई कोविड -19 विशेष जेल में से शनिवार रात को एक बैरक की लोहे की ग्रिल काटकर 13 कैदी फरार हो गए। जिसमें चार कैदी रेवाड़ी की एक जेल के हैं, जबकि नौ कैदी महेंद्रगढ़ के हैं। इस जेल में प्रदेशभर की जेलों से शिफ्ट करके करीब 450 कोविड संक्रमित कैदियों को रखा गया है। फरार हुए सभी कैदी संगीन धाराओं के तहत बंद थे। सुबह कैदियों की गिनती करने के दौरान 13 कैदी फरार होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीमें जिलाभर में फरार कैदियों की खोजबीन में जुटी है। आसपास के गांवों में भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है।