असम में भीषण बाढ़ का कहर, सड़कों पर रहने के लिए मजबूर लोग


गुवाहाटी, 25 जून - असम में भारी वर्षा और बाढ़ से स्थिति विकट बनी हुई है। राज्य के 28 जिलों के 33 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नागौन जिले के 155 गांव अब भी डूबे हुए हैं। घरों में पानी घुसने से लोग हाईवे के किनारे तंबू लगाकर रहने को मजबूर हैं। नागौन के राहा विधानसभा क्षेत्र में करीब 1.42 लाख लोग बाढ़ की मार से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उनके घर डूबे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक सैकड़ों लोगों को अपना घर बार छोड़कर हाईवे व सड़कों के किनारे तंबू लगाकर रहना पड़ रहा है। पानी की निकासी नहीं होने से जल्द हालात सुधरने के आसार भी नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बीते दिनों इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया।