चीता पुनर्वास प्रोजैक्ट में आ रही चुनौतियां 

कुनो नेशनल पार्क, मध्य प्रदेश में जिन चार चीता शावकों ने जन्म लिया था, उनमें से तीन की हाल ही में मौत हो गई, कारण प्राकृतिक बताया जा रहा है। इस घटना से अनेक प्रश्न उठने लगे हैं कि इस नेशनल पार्क में आखिर शावकों को किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है? क्या इनमें से कुछ जानवरों को किसी अन्य रिज़र्व में भेज दिया जाये? इन सबकी प्रतिक्रिया में सरकार ने विशेषज्ञों की नई समिति का गठन किया है जो प्रोजेक्ट चीता को मॉनिटर करेगी।
भारत का चीता पुनर्वास प्रोजेक्ट विश्व में अपने किस्म का शायद सबसे महत्वकांक्षी कार्यक्रम है। प्रयास यह है कि अगले एक दशक के दौरान हर साल पांच से दस चीता लाये जायें जब तक कि उनकी आत्म-निर्भर संख्या न हो जाये, लगभग 35 की। दक्षिण अफ्रीका व नामीबिया में चीते बाड़ लगे रिज़र्व में रहते हैं, लेकिन भारत की योजना यह है कि उनकी प्राकृतिक, बाड़ रहित, जंगल की स्थितियों में परवरिश होने दी जाये। कुनो में 17 वयस्कों में से केवल छह ही खुले जंगल में हैं, जबकि शेष बड़े, विशेष रूप से डिज़ाइन किये गये बाड़े में ताकि वह भारत के पर्यावरण के अनुसार खुद को ढाल सकें। योजना यह है कि इस वर्ष के अंत तक सभी जानवरों को खुले जंगल में छोड़ दिया जाये। इन चीतों के रेडियो-कॉलर लगी हुई हैं और इन्हें हर समय ट्रैक किया जाता है। लेकिन उनके जीवन में ‘हस्तक्षेप’ बहुत ही कम किया जाता है बल्कि केवल आपातस्थिति में ही किया जाता है। ऐसा डा. कमर कुरैशी का कहना है, जोकि विशेषज्ञ समिति के सदस्य हैं और विख्यात बिग-कैट माहिर हैं।
बहरहाल, सवाल यह है कि चीता शावकों की मौत कैसे हुई? 23 मई, 2023 की बात है, चीतों को ट्रैक करने वाले वन अधिकारियों ने देखा कि एक शावक जो मात्र दो माह का था, सुस्त-सा प्रतीत हो रहा था और अपनी नियमित मनोरंजन यात्रा में अपनी मां ज्वाला के पीछे-पीछे नहीं चल पा रहा था। करीब से जांच करने पर मालूम हुआ कि शावक अपने आपको संभाल नहीं पा रहा था, वेट्स (पशु चिकित्सक) ने उसे देखा व संभालने की कोशिश भी की, लेकिन वह जल्द ही मर गया। शेष तीन शावक हालांकि चल फिर रहे थे लेकिन स्वथ्य प्रतीत नहीं हो रहे थे। इसी कारण से वेट्स उन्हें गहन जांच के लिए लेकर गये। दो शावकों के बारे में मालूम हुआ कि वह बहुत ही कमज़ोर व कुपोषित थे और उसी दिन शाम तक उनकी भी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण ‘भयंकर गर्मी, कमज़ोरी व कुपोषण’ बताया गया है। सभी शावकों का वज़न आवश्यकता से बहुत ही कम था। चौथे शावक के बारे में यह बताया गया है कि वह कमज़ोर तो है, लेकिन ठीक और तेज़ी से स्वस्थ हो रहा है। अधिकारियों की योजना यह है कि वह एक माह तक शावक की परवरिश करेंगे और फिर उसके बाद उसे उसकी मां से मिलाने का प्रयास किया जायेगा।
प्रश्न यह भी उठ रहा है कि क्या यह मौतें असामान्य हैं? भारत में जन्मे इन चार शावकों में से तीन की मौत तब हुई है जब उनसे पहले तीन वयस्क चीतों की मौत हो चुकी थी। मई के पहले सप्ताह में वयस्क मादा दक्षा की मौत उन चोटों के कारण हुई थी, जो उसे जानवरों के आपसी झगड़े के दौरान आयी थीं। इससे पहले मार्च में साशा की मौत रीनल इन्फेक्शन के कारण और अप्रैल में उदय की मौत दिल की समस्याओं की वजह से हुई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि खुले जंगल में टाइगर व शेर के शावकों की तुलना में चीता के शावकों की मृत्यु दर बहुत अधिक होती है। 
चीता शावकों का सर्वाइवल दर मात्र 10 प्रतिशत है और लगभग उनका इतना ही प्रतिशत वयस्कता को पहुंचता है। ऐसा पर्यावरण मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है। इस संदर्भ में यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज की केरन लौरेनसन के अध्ययन को क्लासिक माना जाता है, जो उन्होंने 1994 में किया था। उनके अनुसार, चीता शावकों में 66 प्रतिशत मौतें उनका शिकार हो जाने के कारण होती हैं और लगभग 16 प्रतिशत इसलिए कि उनकी माएं उन्हें त्याग देती हैं या बेसहारा छोड़ देती हैं। लेकिन यह अध्ययन उन चीतों पर किया गया था जो सुरक्षित बाड़ों में थे, इसलिए इसे भारतीय चीतों पर लागू नहीं किया जा सकता। विशेषज्ञों का कहना है इन शावकों को नामीबियाई चीता ने जन्म दिया था, जिसकी वास्तव में खुले जंगल में परवरिश नहीं हुई थी और वह ‘हैण्ड-ब्रेड’ थी, इसलिए मां का बच्चों की परवरिश करने के संदर्भ में ‘अनुभवहीन’ होना भी शावकों की मौत में कारण हो सकता है।
इस पृष्ठभूमि में अब यह सवाल भी प्रासंगिक है कि अब तक ‘चीता प्रोजेक्ट’ कितना सफल रहा है? सितम्बर 2022 में नामीबिया से आठ चीते भारत लाये गये थे। आगामी सितम्बर में उन्हें भारत में रहते हुए एक साल हो जायेगा। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते और आये। इस प्रोजेक्ट का मार्गदर्शक दस्तावेज़ अधिकारिक तौर पर चीता एक्शन प्लान है, जिसमें कहा गया है कि अगर पहले वर्ष में आधे चीता भी जिंदा रह जाते हैं तो यह ‘सफलता का संकेत’ होगा। लेकिन दूसरी ओर स्वतंत्र आलोचकों का कहना है कि ‘चीता प्रोजेक्ट’ में कुछ बुनियादी खामियां हैं। सबसे पहली बात तो यह है कि सभी 20 चीतों को कुनो पार्क में रखना गलत था, जहां जगह व शिकार दोनों ही कम हैं, जबकि चीता तेज़ दौड़ने वाला जानवर है और उसे खेल के लिए बहुत बड़ी जगह चाहिए होती है। कुछ चीतों को राजस्थान के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिज़र्व में रखना चाहिए था। मध्य प्रदेश के वन अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कुनो रिज़र्व में चीतों के लिए जगह अपर्याप्त है।
बहरहाल, पर्यावरण मंत्रालय की नोडल एजेंसी राष्ट्रीय टाइगर संरक्षण प्राधिकरण, जिसकी ज़िम्मेदारी इस प्रोजेक्ट को कोआर्डिनेट करने की है, के अधिकारियों का कहना है कि कुनो में चीतों की पहली खेप की मेज़बानी की क्षमता है और भविष्य की खेपें अन्य रिज़र्व में भेजी जायेंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि अफ्रीका, जहां बाड़े में चीते रखे जाते हैं, के अनुभव को भारत में नहीं दोहराया जा सकता क्योंकि भारत के सांस्कृतिक मूल्य पशुओं में सहअस्तित्व को प्रोत्साहित करते हैं और यही वजह बाघ, शेर व तेंदुआ संरक्षण कार्यक्रमों की सफलता का आधार बनी है।

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर