महाराष्ट्र:  रायगढ़ में भूस्खलन से 13 लोगों की मौत

महाराष्ट्र, 20 जुलाई- रायगढ़ जिले की खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन के कारण एक बचावकर्मी समेत 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इरशालवाड़ी, रायगढ़ में मलबे से 12 शव निकाले गए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रायगढ़ जिले में राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रायगढ़ में भूस्खलन की घटना पर दुख व्यक्त किया।  अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की है। इस बीच, घटना के बाद रायगढ़ पुलिस ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। पुलिस ने बताया कि अब तक उन्होंने 22 लोगों को मौके से बचाया है, लेकिन आशंका है कि कई लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन के 100 से ज्यादा लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।