सबसे लम्बा और मोटा सांप एनाकोंडा

अजगर सबसे वजनी सांप होता है। अजगर भारत में भी बहुतायत में पाए जाते हैं। बोआ परिवार का एनाकोंडा नामक अजगर दक्षिण अमरीका महाद्वीप के उत्तरी भाग में बहने वाली नदियों तथा एंडीज पहाड़ों के पूर्व में बहने वाली प्रसिद्ध अमेजन नदी में पाया जाता है। एक सामान्य वयस्क एनाकोंडा अजगर 
का वजन 90 से 110 किलो  तक हो सकता है। इसकी लंबाई बीस फुट के आसपास होती है। येलो (पीला) एनाकोंडा इसी महाद्वीप में पाया जाता है। इसकी लम्बाई अधिकतम 13 फुट तक पाई जाती है।
सामान्य एनाकोंडा धरती के पश्चिम गोलार्द्ध का सबसे बड़ा सांप है। यह अपने शिकार को अपनी कुंडली में जकड़ लेता है। इससे शिकार की मौत हो जाती है। तब यह उसे निगल जाता है। इसके पेट में शक्तिशाली पाचन तत्व होते हैं, जो हड्डियों तक को पचा डालते हैं। सामान्य आदमी इतने बड़े सांप को देखकर डर जाता है लेकिन ब्राजील इत्यादि देशों के आदिवासी बच्चे तक खाली हाथों से इसे पकड़ लेते हैं। (उर्वशी)