आज याद वाशेम स्मारक जाएंगे पीएम मोदी
आज इस्राइल दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी होलोकास्ट स्मारक याद वाशेम जाएंगे। साथ ही आज दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर भी हस्ताक्षर हो सकते हैं।
जब नेतन्याहू ने कहा- 'इस्राइल को बॉलीवुड पसंद'
पीएम मोदी के इस्राइल पहुंचने पर उनके स्वागत के दौरान इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने कहा कि अगर भारत-इस्राइल भाईचारे पर कोई बॉलीवुड फिल्म बने तो वह जबरदस्त हिट साबित होगी। यह टिप्पणी दोनों देशों के मजबूत संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को दिखाती है। बेंजामिन नेतन्याहू ने साल 2018 में भारत दौरे के दौरान कहा था कि इस्राइल को बॉलीवुड बेहद पसंद है और दोनों देशों के बीच सिनेमा के क्षेत्र में गहरा जुड़ाव भी है।
भारत और इस्राइल के बीच फिल्म सह-निर्माण समझौता साल 2018 में हुआ था, जब नेतन्याहू भारत आए थे। इस समझौते को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। समझौते के तहत सह-निर्मित फिल्मों को दोनों देशों में राष्ट्रीय उत्पादन का दर्जा मिला है। इससे भारतीय फिल्म निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय फंडिंग, पटकथा लेखन, प्रतिभा और वितरण में सहयोग मिलता है।
PM मोदी के इस्राइल दौरे का आज दूसरा दिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्राइल दौरे का आज दूसरा दिन है। पीएम मोदी आज होलोकॉस्ट पीड़ितों के लिए इस्राइल के आधिकारिक स्मारक, याद वाशेम जाएंगे। इसके अलावा, पीएम मोदी इस्राइली प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान भारत और इस्राइल के बीच ड्रोन की खरीद समेत कई बड़े रक्षा समझौतों पर सहमति बन सकती है। लगभग नौ साल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर इस्राइल गए हैं।

