क्या क्रिकेट में किसी नाईट वॉचमैन ने शतक लगाया है?
‘दीदी, टेस्ट क्रिकेट में जब दिन का अंत होने को हो और कोई बैटर आउट हो जाता है तो उसकी जगह स्थापित बैटर की जगह किसी टेलएंडर को भेजा जाता है।’
‘हां। उसे नाईट वाचमैन कहते हैं। नाईट वाचमैन को इसलिए भेजा जाता है ताकि किसी स्थापित बैटर को दिन के अंतिम तनावपूर्ण क्षणों से सुरक्षित रखा जा सके और वह अगले दिन तनावमुक्त होकर खेल सके।’
‘हालांकि किसी नाईट वाचमैन से अच्छे स्कोर की उम्मीद नहीं की जाती है; क्योंकि उसका काम तो शाम के अंतिम कुछ ओवर निकालना होता है, लेकिन अब तक जो नाईट वाचमैन आये हैं, उनमें सबसे ज्यादा स्कोर किसका है?
‘तुम्हें जानकर आश्चर्य होगा कि एक नाईट वाचमैन ने तो नाबाद रहते हुए दोहरा शतक भी लगाया है।’
‘अच्छा! वह कौन था?’
‘टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती इसके अनपेक्षित मोड़ों में है और नाईट वाचमैन इसका एक दिलचस्प किरदार है, जो आता तो रक्षक के रूप में हैं, लेकिन अक्सर एक शानदार बैटर की तरह भी काम कर जाता है। इसकी एक शानदार मिसाल ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ जेसन गिलेस्पी हैं, जो बांग्लादेश के खिलाफ 2006 के चटगांव टेस्ट में नाईट वाचमैन के रूप में आये और खुद को भी आश्चर्यचकित करते हुए उन्होंने 425 गेंदें खेलीं और 201 नाबाद रन बनाये। आज 20 साल बाद भी यह रिकॉर्ड टूटा नहीं है।’
‘कमाल है। क्या किसी अन्य नाईट वाचमैन ने भी शतक लगाया है?’
‘दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज विकेटकीपर ने तो नाईट वाचमैन के रूप में दो बार शतकीय पारी खेली। एक बार जिम्बाब्वे के खिलाफ 1999 के हरारे टेस्ट में उन्होंने 125 रन बनाये और दूसरी बार इंग्लैंड के खिलाफ डरबन टेस्ट में उन्होंने 108 रन बनाये। यह कारनामा करने वाले वह इकलौते नाईट वाचमैन हैं।’
‘वैसे नाईट वाचमैन के रूप में सबसे पहले शतक किसने लगाया था?’
‘पाकिस्तान के नसीम-उल-गनी ने लॉर्ड्स (1962) में इंग्लैंड के खिलाफ 101 रन बनाये, शतक बनाने वाले वह पहले नाईट वाचमैन थे। यह इंग्लैंड में पाकिस्तान का पहला शतक था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एएल मान (टोनी मान) ने भारत के खिलाफ 1977 के पर्थ टेस्ट में 105 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को एक रोमांचक जीत दिलायी थी।’
‘क्या किसी भारतीय नाईट वाचमैन ने भी शतक लगाया है?’
‘हां, सैय्यद किरमानी ने मुंबई (1979) में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध नाबाद 101 रन बनाये। नाईट वाचमैन के रूप में पिछलग्गू बैटर्स ने टेस्ट में अभी तक यही छह शतक लगाये हैं।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



