लाहौल :रवि ठाकुर ने प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया
लाहौल में तीरंदाजी प्रतियोगिता के बहाने रवि ठाकुर ने प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार को सोच समझ कर प्रदेश हित में फैसले लेने की नसीहत दी है। लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार के प्रदेश में एंटी टैक्स की बढ़ोतरी के चलते प्रदेश के पर्यटन व्यवसाय पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने तोद घाटी के कोलंग गांव में पूर्व विधायक स्व० लता ठाकुर की स्मृति में आयोजित लता ठाकुर मेमोरियल तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार पर लाहौल की अनदेखी के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति में पर्यटन की अपार संभावनाओं के बाबजूद भी सरकार की अनदेखी का शिकार प्रदेश का जनजातीय जिला हो रहा है।
राइजिंग यूथ वेलफेयर क्लब कोलंग द्वारा आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगी में पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना और उनमें खेलों के प्रति उत्साह को नई दिशा देना है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता सैम बोध, बीडीसी सदस्य सोनम और इको टूरिज्म के अध्यक्ष कलजंग सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि ठाकुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को 40,000 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
रवि ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के खेल और विकास को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने इस आयोजन को क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की एक सराहनीय पहल बताया।

