संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन, दोनों सदनों में हंगामे के आसार
नई दिल्ली, 21 जुलाई - संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। पहले दिन की तरह आज भी लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के आसार हैं। पहले दिन विपक्ष के विरोध के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार बाधित हुई थी।
आज सुबह संसद परिसर में एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक रणनीति बैठक होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसदों को संबोधित करेंगे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कुछ सांसदों का एनडीए में स्वागत कर सकते हैं।
सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही छह बार और राज्यसभा की कार्यवाही पांच बार स्थगित करनी पड़ी। विपक्षी सांसद नीट पेपर लीक और राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे थे। कुछ सांसद पोस्टर और बैनर लेकर भी सदन में पहुंचे।
इस दौरान लोकसभा में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने संबंधी अध्यादेश को प्रतिस्थापित करने के लिए एक विधेयक भी पेश किया।

