ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली, 21 जुलाई - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एंडी बर्नहम को यूनाइटेड किंगडम (यूके) का नया प्रधानमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूनाइटेड किंगडम साझा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हुए हैं और दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में मजबूत सहयोग है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि भारत और यूके के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा तथा लोगों के बीच आपसी संबंधों में व्यापक सहयोग है। उन्होंने कहा कि इस महीने सीईटीए (CETA) के लागू होने के साथ दोनों देशों की द्विपक्षीय साझेदारी और मजबूत होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने तथा साझा विज़न 2035 को आगे बढ़ाने के लिए एंडी बर्नहम के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।

गौरतलब है कि लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहम ने सोमवार को ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।

 
#ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को पीएम मोदी ने दी बधाई