सत्य वचन कहते होर्डिंग्स

जैसा कि आप सभी जानते हैं कि इस नश्वर संसार में सत्य बोलना कितना कठिन एवं जोखिम भरा कार्य है। हमारे इस भरे-पूरे संसार के सभी कारोबार झूठ के सहारे चलते हैं और सच्च को तो कोई कौड़ियों के भाव में भी नहीं पूछता है। संतरी से लेकर मंत्री और टी.वी. से लेकर बीवी तक सभी लोग झूठ की ही कमाई खाते हैं। हमारे सभी सरकारी व कारोबारी अदारे झूठ को इस तरह चाशनी में लपेट कर हमारे समक्ष प्रस्तुत करते हैं कि हमें रत्ती भर भी पता नहीं चलता कि हमें किस प्रकार से उल्लू बनाया जा रहा है। खैर भगवान ना करे यदि हमारे सभी सरकारी विभागों को सच्च (सत्य) बोलने का दौरा पड़ जाए और वे ‘अन्दर की बात सच्च-सच्च कहने लग जायें तो इन विभागों के मुख्यालयों के बाहर लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्ज़ पर क्या क्या लिखा होगा, आइए, ज़रा ध्यान से पढ़ें।
लोक निर्माण विभाग का होर्डिंग : यहां पर क़ागजों में ही सड़कों एवं पुलों का निर्माण तथा मुरम्मत का काम ‘तसल्लीबख्श’ ढंग से किया जाता है। हमारी ओर से गांवों और शहरों में बनाई गई विभिन्न सड़कें पहली ही बारिश में ‘सफाचट’ हो जाती हैं लेकिन ठेकेदार की ओर से नीचे से ऊपर तक ‘हिस्सा’ पहुँचाया होने के कारण विभाग के शीर्ष पदों पर मौजूद ‘माई के लाल’ उसकी ओर आंख उठाकर भी नहीं देखते हैं। हमारे सहयोग से बनाए गए अनेक पुल ढह गए और कई लोग मारे गया गये लेकिन हमारे अधिकारियों के खिलाफ ‘सख्त कारवाई’ के लिए शुरू की गई जांच कभी भी मुकम्मल नहीं हो पाई है।
पुलिस विभाग का होर्डिंग : देखिए जी, हमारा विभाग ‘मुस्तैदी’ के लिए दुनिया भर में मशहूर है। हम लोग बड़े-बड़े मंत्रियों व अफसरों के घरों से चोरी हुई गाय इत्यादि को चंद घंटों में ही खोज निकालते हैं लेकिन गरीब देशवासियों की गुम हो हो जाने वाली हज़ारों बहनों व बेटियों में से हमने कभी किसी एक को भी बरामद नहीं किया है। दूसरे गैंगस्टरों से अपनी जान को बचाने और अपना कारोबार चैन से बैठकर, बढ़ाने के लिए, बड़े-बड़े गैंगस्टर हमारी जेलों में शरण लेते हैं। हमारे यहां विदेशी महंगी शराब, स्मैक, हैरोईन तथा अफीम इत्यादि एक दम शुद्ध रूप और सस्ते दामों में मिलते हैं। हमारे इलाके के नकली शराब बेचने वाले कारोबारी, हैरोईन व स्मैक बेचने वाले तस्कर व देह-व्यापार का धंधा करने वाली ‘आंटियों’ इत्यादि के बारे में हमें पूरा पता होता है लेकिन हम ‘रंगे हाथों’ केवल उसे ही पकड़ते हैं जो समय पर हमारी ‘सेवा’ नहीं करता है।
बिजली विभाग का होर्डिंग : भाइयों और बहनो! गर्मी के मौसम में लोग हमारा नाम भगवान से भी ज्यादा ‘जपते’ हैं। मई-जून की तपती गर्मी में जब हम बड़े-बड़े ‘कट’ लगाते हैं तो बड़े-बड़ों के पसीने छूट जाते हैं। हम यह सीना तान कर स्वीकार करते हैं कि हमारी ‘नाक के नीचे’ लोग ‘कुंडी’ लगाकर करोड़ों रुपये की बिजली हर वर्ष चोरी कर लेते हैं लेकिन हमारे ‘कान पर जूँ तक’ नहीं रेंगती है। सरकारी विभागों द्वारा बड़े अफसरों व मंत्रियों द्वारा बिल ना भरे जाने पर हम कोई कार्रवाई नहीं करते हैं किंतु कोई गरीब यदि सौ-दो सौ रुपये का भी बिल अदा ना कर पाये तो हम उसका ‘कनैक्शन’ काट देते हैं। हम सहर्ष स्वीकार करते हैं कि खेतों में लटकती ढीली तारों को कसने हेतु किसान भाइयों द्वारा दी गई सैंकड़ों ‘अर्जियों’ को हम रद्धी की टोकरी में फैंक देते हैं और फिर उनकी फसलों को आग लगा कर ही दम लेते हैं।
ई.डी., सी.बी.आई., इन्कम टैक्स विभागों के होर्डिंग : भइया जी, हमारी तो अपनी कोई नीति अथवा ‘स्ट्रैटजी’ नहीं है । हमें जैसे ‘आका’ हुक्म देते हैं, हम वही करते हैं। हम सत्ता में बैठे हर भ्रष्टाचारी को ‘क्लीन चिट’ और विपक्ष में बैठे हर ईमानदार को ‘भ्रष्टाचारी होने की चिट’ देने में माहिर हैं। विपक्षी दल छोड़कर सत्ता दल में आने वाले ‘प्रत्येक’ भ्रष्टाचारी के खिलाफ चल रही जांच हम ‘स्लोअ’ कर देते हैं और उसे आराम व निश्चिंतता से ‘सत्ता की मलाई’ खाने देते हैं।
अल्ट्रासाऊंड स्कैनिंग सैंटर का होर्डिंग : हमारे यहां ‘मोटा नजराना’ देकर लिंग निर्धारण का टैस्ट धड़ल्ले से किया जाता है और ज़रूरत पड़ने पर मादा भ्रूण हत्या हेतु ‘तजुर्बाकार डाक्टर एंव पैरा मैडीकल स्टाफ’ भी उपलब्ध करवाया जाता है। हमारी ‘पहुंच’ बहुत ‘ऊपर’ तक है और हमारे यहां छापा पड़ने का कोई डर नहीं है।
प्राईवेट स्कूल का होर्डिंग : हमारा स्कूल यूं तो ‘सरकारी मान्यता’ प्राप्त है लेकिन यहां पर सारे के सारे सरकारी नियमों की ‘धज्जियां’ सरेआम उड़ाई जाती हैं। यहां पर यूनिफार्म, टाई, बैल्ट और किताबों के नाम पर हम लाखों रुपये बच्चों के मां-बाप से ऐंठ लेते हैं और उन्हीं बच्चों को पढ़ाने वाले एम.ए. व बी.एड. पास अध्यापकों को चंद सौ रुपये माहवार की तन्ख्वाह देकर हम उनका भरपूर ‘शोषण’ करते हैं। वार्षिक व बोर्ड परीक्षाओं में ‘नकल करवाने’ हेतु हमारे पास पूर्णत: ‘सुनियोजित एवं कारगर’ व्यवस्था सदैव उपलब्ध है जिसकी बदौलत ना सिर्फ हमारे सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण (पास) होते हैं। एक विशेष कक्ष में बैठा कर परीक्षा दिलाए गए कुछ परीक्षार्थी तो ‘स्टेट मैरिट’ में भी स्थान अर्जित करते हैं। ‘हम में है दम और सबसे बहेतर हैं हम’।
410, चंदर नगर, बटाला, 
-मो. 9781646008

#सत्य वचन कहते होर्डिंग्स