कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का कब्जा, फाइनल में युगांडा को 35-15 से हराया

मंडी किल्लियांवाली, 31 अक्टूबर (इकबाल सिंह शांत) — कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युगांडा को 35-15 से हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में पंजाब के लंबी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पंजावा की बेटी सिमरन कंबोज ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने राइट रेडर के रूप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में देर शाम हुए फाइनल मुकाबले को गांव पंजावा में सिमरन के परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने टेलीविजन पर देखा। जैसे ही भारत की जीत का ऐलान हुआ, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। सिमरन के पिता सुखपाल कंबोज, माता सुखविंदर कौर, चाचा गुरलाल कंबोज और भाई हरमन कंबोज ने खुशी मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। परिवार ने सिमरन की मेहनत और संघर्ष को पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की उपलब्धि बताया।

गौरतलब है कि सिमरन इससे पहले चीन के सान्या में आयोजित छठे एशियाई बीच खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। कोहनी में गंभीर चोट और सर्जरी के कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। कड़ी मेहनत के दम पर मैदान में वापसी करते हुए उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई।

गांव के एक साधारण किराना दुकानदार सुखपाल कंबोज की बेटी सिमरन अब तक ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों में तीन स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय खेलों में एक कांस्य पदक जीत चुकी हैं।

भारतीय टीम ने फाइनल से पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका को 39-14 से करारी शिकस्त दी थी, जबकि युगांडा ने केन्या को 23-21 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी मुकाबले में भारत ने 20 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

#कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप