बच्चों को टिफिन में दें वैरायटी

आज के समय में बच्चों के खाने-पीने के नखरे अधिक हो गये हैं जिससे माताओं के लिये एक समस्या हो जाती है कि क्या टिफिन के लिए पैक करें जिसे बच्चे रुचि से खा लें और उनको संतुष्ट भी किया जा सके। हर दिन तो बच्चों की इच्छा का खाना देना भी ठीक नहीं है क्योंकि अधिकतर बच्चे संतुलित भोजन पसंद नहीं करते। मां चाहे तो थोड़ी-सी समझदारी से कुछ बच्चों की पसंद का कुछ पौष्टिक और शक्तिदायक संपूर्ण आहार दे सकती है। विभिन्न सब्जियों और पनीर के भरवां परांठे बना कर दिए जा सकते हैं। कभी गोल, कभी तिकोना, कभी चौरस, तो कभी टेढ़ा आकार देकर परांठे बनायें। अंकुरित दालों को थोड़ा उबालकर, उबला आलू, प्याज, टमाटर, नमक और नींबू मिला कर भी दे सकती हैं। बेसन, दाल का चिल्ला बनाकर भी दिया जा सकता है। लाडलों को खुश करने के लिए साथ एक छोटी डिब्बी में हरी चटनी या सास उनकी पसंद के अनुसार रखें। 
कभी-कभी पोहा कुछ हरी सब्जियों के साथ या उबले आलू के साथ बना दें। उपमा के बाजारी पैकेट में मटर, बंदगोभी, प्याज डालकर उपमा भी बना सकती हैं।
फ्रूट और हरी सब्जियों का सलाद काटकर, खाने वाले पॉलीथीन में रखें। साथ नमक और पिसी काली मिर्च का पैकेट रख दें। पनीर, उबले मैश आलू, तैयार सब्जियों के सैंडविच भी दे सकती हैं। सैंडविच में थोड़ा मक्खन लगा कर खीरा, ककड़ी उबला आलू, प्याज और टमाटर के पतले टुकड़े काट कर तैयार कर दे सकती हैं।
घर में कम तेल में भुनी मूंगफली, भुने चने मुरमुरा और चाट मसाला डाल कर पौष्टिक मिश्रण तैयार करें। प्लास्टिक जार में भरकर रख दें। जब चाहें टिफिन में दे सकती हैं।
बच्चों को खुश करने के लिए सप्ताह में एक दिन चिप्स, बिस्किट, बिना क्रीम का केक देकर बच्चों को सरप्राईज दें। 
बड़े बच्चों को सप्ताह में एक दिन स्कूल कैंटीन से अपनी मर्जी का खाने के लिए सीमित जेब खर्च भी दे सकती हैं।
अंडा खाने वाले बच्चों को उबले अंडे के स्लाइस, ऑमलेट, अंडे की भुर्जी परांठे के साथ और अंडे में ब्रेड भिगो कर हल्के घी में तली हुई दे सकती हैं।  (उर्वशी)

#बच्चों को टिफिन में दें वैरायटी