नारियल के उत्पादन-उत्पादकता में अग्रणी बना भारत

नई दिल्ली, 1 जून (वार्ता) :भारत नारियल के उत्पादन और उत्पादकता में अग्रणी देश बनने के साथ आयातक से निर्यातक देश बन गया है और मलेशिया, इंडोनेशिया एवं श्रीलंका, अमेरिका तथा यूरोपीय देशों को नारियल उत्पादों निर्यात कर रहा है। सूत्रों के अनुसार भारत मार्च 2017 तक नारियल तेल का आयात करता था लेकिन अप्रैल 2017 से मलेशिया, इंडोनेशिया और श्रीलंका को नारियल तेल का निर्यात कर रहा है। इसके साथ ही भारत पहली बार अमेरिका और यूरोपीय देशों को शुष्क नारियल (गोला) का निर्यात कर रहा है।  आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2013-14 में प्रति हेक्टेयर नारियल उत्पादकता 10 हजार 122 फलों की थी जो वर्ष 2017-18 में बढ़कर 11 हजार 516 फलों तक पहुंच गई। वर्ष 2017-18 के दौरान 1602.38 करोड़ रुपये का नारियल निर्यात किया गया जबकि इसी अवधि में आयात केवल 259.70 करोड़ रुपये का हुआ है। विभिन्न राज्यों में पिछले चार वर्षों में नारियल खेती का रकबा 62 हजार 403 हेक्टेयर हो गया, जो वर्ष 2010-14 तक 36 हजार 477 हेक्टेयर था।