तेजिंदर ने गोला फेंक में जीता स्वर्ण


दोहा, 23 अप्रैल (वार्ता) एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता तेजिंदर पाल सिंह तूर ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुये एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरूष गोला फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। तेजिंदर ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुये 20.22 मीटर तक गोला फेंका और स्वर्ण पदक जीता। भारत का इस प्रतियोगिता में यह दूसरा स्वर्ण पदक है। सोमवार को गोमती मरिमुथु ने महिला 800 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता था। भारत ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक सहित कुल 10 पदक जीत लिये हैं और वह पदक तालिका में चीन और बहरीन के बाद तीसरे स्थान पर है। कल गोला फेंक मुकाबले में भारतीय एथलीट ने चीन और कजाखिस्तान के एथलीटों को पीछे छोड़ा। चीन के वू जियाजियांग ने 20.03 मीटर के साथ रजत और कजाखिस्तान के इवान इवानोव ने 19.09 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। तेजिंदर ने हालांकि स्वर्ण पदक जीता लेकिन वह एशियाई खेलों के अपने प्रदर्शन को पीछे नहीं छोड़ पाये। पंजाब के इस एथलीट ने जकार्ता एशियाई खेलों में 20.75 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता था।