राफेल नडाल ने फाइनल में डोमिनिक थिएम को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से हराकर अपना 12 वां फ्रेंच ओपन खिताब जीता

पेरिस, 9 जून (एजैंसी) : वर्ल्ड नंबर-2 स्पेन के राफेल नडाल ने यहां रविवार को साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के फाइनल में प्रतिभाशाली डोमिनिक थीम को मात दी। अपने करियर में 12वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने के लिए नडाल ने आस्ट्रिया के खिलाड़ी को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से हराया। स्पेनिश खिलाड़ी ने सबसे अधिक फ्रेंच ओपन खिताब जीते हैं। नडाल का यह कुल मिलाकर 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने पुरुषों में सबसे अधिक 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। वर्ल्ड नंबर-4 थीम के खिलाफ नडाल शुरुआत से ही दमदार फॉर्म में नजर आए। पहले सेट में हालांकि, थीम ने भी आसानी से हार नहीं मानी। पहले सेट में एक समय स्कोर 3-3 से बराबर था, लेकिन नडाल ने अपने खेल को बेहतर किया और फोरहैंड एवं बैकहैंड का शानदार उपयोग करते हुए बढ़त बना ली थी।