प्रिंस चार्ल्स गुरुद्वारा बंगला साहिब में हुए नतमस्तक

नई दिल्ली, 13 नवम्बर (एजैंसी/जगतार सिंह) : ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स ने भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का दौरा किया और इस दौरान उन्हें ‘प्रारंभिक चेतावनी मौसम पूर्वानुमान प्रणाली’ और खासतौर से चक्रवात के पूर्वानुमान के बारे में बताया गया। वह बंगला साहिब गुरुद्वारे भी गए और लंगर के लिए फुलके बनाने में भी मदद की। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि प्रिंस चार्ल्स ने विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र में करीब 45 मिनट बिताए। यह केंद्र मौसम के पूर्वानुमान का मुख्य केंद्र है। इसके बाद उन्होंने बांग्ला साहिब गुरुद्वारे में दर्शन भी किए। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने उन्हें एक कृपाण भेंट की। उन्होंने गुरुद्वारे की रसोई में सेवा भी की और लंगर के लिए चपाती बनाने में मदद की। यह भारत की उनकी 10वीं यात्रा है। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी भेंट की गई।